जशपुरनगर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बालाझार स्थित घोघरा डैम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई। वहीं, बड़ी बेटी ने साहस दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचाई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालाझार निवासी सुकांती तिग्गा (32) रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों के साथ घोघरा डैम में कपड़े धोने और नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि सुकांती लगभग आठ माह की गर्भवती थीं। नहाने के दौरान अचानक उनका और उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा (8) का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण मां-बेटी खुद को संभाल नहीं सकीं और डूब गईं।
बड़ी बेटी ने बचाई अपनी जान
घटना के समय मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा (10) ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। मां और छोटी बहन को डूबते देख वह घबराई हालत में घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम पहुंचे। मौके पर महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें किनारे पर पड़ी मिलीं, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
एक साथ उजड़ गया परिवार
इस हृदयविदारक हादसे ने मृतका के पति इमानवेल तिग्गा और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार ने एक ही घटना में पत्नी, गर्भ में पल रहे बच्चे और मासूम बेटी को खो दिया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।










