Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

पेंड्रा में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, ग्रामीणों में दहशत

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र अंतर्गत आमाडांड और बसंतपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर एक दुर्लभ सफेद भालू आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। सुबह करीब 5 बजे भालू को गांव के मुख्य चौक और बस स्टैंड के आसपास घूमते देखा गया। भालू के गांव में पहुंचते ही ग्रामीण दहशत में आ गए और लोग घरों से बाहर निकलने से डरने लगे।

जानकारी के अनुसार, आमाडांड क्षेत्र के स्कूल के सामने रहने वाले कैलाश कुमार काशीपुरी पर भालू ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कैलाश सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

भालू ने ग्रामीणों को दौड़ाया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू ने गांव के कुछ अन्य लोगों को भी दौड़ाया, जिससे ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और डिप्टी रेंजर बंजारा मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह देते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

सफेद भालू को देखने उमड़ी भीड़

दुर्लभ सफेद भालू के गांव में दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं और बढ़ गईं। वन विभाग की टीम लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाए आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों की लगातार कटाई और आगजनी की घटनाओं के कारण वन्य जीव अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर गांवों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही और कमजोर निगरानी व्यवस्था का आरोप लगाते हुए जंगलों में लगने वाली आग पर तत्काल नियंत्रण, वन्य जीवों की सुरक्षा और गांवों में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Posts

1 of 334