Kailash Mansarovar Yatra 2026 : कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कंप्यूटर ड्रा (Draw of Lots) के जरिए इस साल यात्रा पर जाने वाले भाग्यशाली श्रद्धालुओं के नामों की घोषणा कर दी है. इस बार यात्रियों की लिस्ट तैयार करने के लिए पूरी तरह से निष्पक्ष और कंप्यूटर-जनरेटेड रैंडम प्रक्रिया अपनाई गई है, जिसमें महिला और पुरुष दोनों की बराबर भागीदारी (जेंडर बैलेंस) का विशेष ध्यान रखा गया है.
चुने गए 1000 श्रद्धालु
साल 2026 की यह पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा जून के महीने में शुरू होगी और अगस्त तक चलेगी. कंप्यूटर ड्रा के जरिए इस साल कुल 1,000 यात्रियों का चयन किया गया है. इन सभी श्रद्धालुओं को 20 अलग-अलग बैच में भेजा जाएगा, यानी हर एक बैच में 50 यात्री सफर करेंगे. रूट और बैच से जुड़ी पूरी डिटेल यात्रा की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है.
अब नहीं करनी पड़ेगी मुश्किल पैदल ट्रैकिंग
इस साल की यात्रा के लिए दो रूट तय किए गए हैं- पहला लिपुलेख दर्रा और दूसरा नाथू ला दर्रा. श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि ये दोनों ही रास्ते अब पूरी तरह से मोटरेबल (यानी गाड़ियों के चलने लायक) हो चुके हैं. इसका मतलब यह हुआ कि इस बार यात्रियों को बहुत ही कम पैदल चलना पड़ेगा और वे आसानी से गाड़ियों के जरिए अपना सफर पूरा कर सकेंगे.
एसएमएस और ईमेल से मिलेगी जानकारी
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जिन भी श्रद्धालुओं का नाम इस लिस्ट में आया है, उन्हें एसएमएस (SMS) और ईमेल के जरिए नोटिफिकेशन भेज दिया गया है. इसके अलावा, यात्री खुद भी यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट https://kmy.gov.in पर जाकर लॉग-इन करके अपना सिलेक्शन स्टेटस चेक कर सकते हैं. यदि यात्रियों को रूट या बैच को लेकर कोई और जानकारी चाहिए, तो वे हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 पर कॉल करके सीधे मदद ले सकते हैं.
यात्रा से जुड़ी बेहद जरूरी शर्तें (नियम):
लिस्ट में नाम आने का मतलब यह नहीं है कि आपकी यात्रा पूरी तरह पक्की हो गई है. मंत्रालय ने कुछ कड़े नियम तय किए हैं, जिनका पालन न करने पर आपका चयन रद्द किया जा सकता है:
रूट और बैच बदलना आसान नहीं होगा: कंप्यूटर ड्रा में आपको जो रास्ता (रूट) और जो ग्रुप (बैच) मिल गया है, उसे बदला नहीं जाएगा. अगर कोई बहुत बड़ी मजबूरी है, तो आप ठोस कारण बताकर ग्रुप बदलने की अर्जी दे सकते हैं. लेकिन यह तभी होगा जब दूसरे ग्रुप में कोई सीट खाली होगी. इस पर विदेश मंत्रालय का फैसला ही आखिरी होगा.
आखिरी तारीख से पहले एडवांस पैसे जमा करना जरूरी: लिस्ट में नाम आते ही आपको दी गई आखिरी तारीख (डेडलाइन) से पहले KMVN या STDC के बैंक खाते में बुकिंग अमाउंट (पुष्टिकरण राशि) जमा करनी होगी. ध्यान रहे कि यह पैसा नॉन-रिफंडेबल है, यानी किसी भी हालत में वापस नहीं मिलेगा.
पैसे नहीं दिए, तो नाम कटेगा और वेटिंग लिस्ट में जाएगा: अगर आपने तय तारीख तक पैसे जमा नहीं किए, तो आपका सिलेक्शन अपने आप रद्द हो जाएगा. आपको मुख्य लिस्ट से हटाकर वेटिंग लिस्ट में डाल दिया जाएगा, आपकी जगह किसी दूसरे यात्री को मौका दे दिया जाएगा.
दिल्ली आने से पहले ऑनलाइन हां करना जरूरी: पैसे जमा करने के बाद भी एक काम जरूरी है. दिल्ली पहुंचने से पहले आपको यात्रा की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन दोबारा कन्फर्म (Re-confirm) करना होगा कि आप यात्रा पर आ रहे हैं. ऐसा न करने पर भी आपका नाम काटा जा सकता है.










