बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेत्री ने रांची के एक रसूखदार कारोबारी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर बिलासपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माइनिंग में निवेश के नाम पर ढाई करोड़ की ठगी
पीड़िता के अनुसार, उनका दिल्ली आना-जाना अक्सर लगा रहता था। इसी दौरान करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात रांची (झारखंड) के कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। संजय सिंह ने खुद को एक बड़ा निवेशक और माइनिंग एक्सपर्ट बताया। उसने महिला नेत्री को माइनिंग बिजनेस में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया और साझेदारी का भरोसा जीता।
झांसे में आकर महिला नेत्री ने आरोपी के झांसे में आकर अलग-अलग किश्तों में RTGS और अन्य माध्यमों से करीब 2.50 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया।
दिल्ली में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग
शिकायत के मुताबिक, पैसे ऐंठने के बाद भी आरोपी लगातार और नकद निवेश की मांग करता रहा। इसी बीच, आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए दिल्ली में महिला नेत्री के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे और निवेश पर रिटर्न का दबाव बनाया, तो आरोपी संजय सिंह अपनी बात से पलट गया। उसने न सिर्फ पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता को डराना-धमकाना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
परेशान होकर पहुंचीं पुलिस के पास, मामला दर्ज
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार भाजपा नेत्री ने कानून का दरवाजा खटखटाया। बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस कार्रवाई: सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी संजय सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी (420) और ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों (जैसे RTGS ट्रांजैक्शन) की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।










