Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर के ‘मंत्रा गोल्ड’ में करोड़ों का सोना पार: 5 साल पुराना भरोसेमंद कर्मचारी सवा किलो सोने के जेवर और शुद्ध सोना लेकर फरार

रायपुर। राजधानी के सराफा मार्केट (सदर बाजार) से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ नाहटा मार्केट स्थित प्रसिद्ध थोक ज्वैलरी कारोबारी संस्थान ’मंत्रा गोल्ड’ में करोड़ों रुपये के सोने की हेराफेरी और गबन की वारदात को अंजाम दिया गया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर लंबे समय से कार्यरत एक भरोसेमंद कर्मचारी सहित उसके परिवार पर केस दर्ज किया है।

आरोपी कर्मचारी संस्थान से करीब 1250 ग्राम (सवा किलो) सोने के आभूषण और 350 ग्राम शुद्ध सोना लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी अरूण यादव के खिलाफ अमानत में खयानत, गबन और धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा, साजिश में साथ देने और पैसों के लेन-देन में सहयोग करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के पिता राम समुझ यादव और पत्नी निशा यादव को भी सह-आरोपी बनाया है।


स्टॉक मिलान के दौरान खुला राज

‘मंत्रा गोल्ड’ संस्था के पार्टनर प्रदीप बजाज (निवासी- महावीर नगर) द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, आरोपी अरुण यादव साल 2019 से उनकी दुकान में काम कर रहा था। लंबे समय से जुड़े होने के कारण वह बेहद भरोसेमंद था और व्यापारियों के साथ सोने के बड़े लेन-देन की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।

घोटाले का खुलासा तब हुआ जब 23 अप्रैल 2026 को दुकान के पूरे स्टॉक का मिलान किया गया। जांच में भारी मात्रा में सोना कम पाया गया। जब कड़ाई से अरुण यादव से पूछताछ की गई, तो उसने पकड़े जाने के डर से झूठ बोल दिया कि कुछ माल उसके घर पर रखा हुआ है।


घर से माल लाने का बहाना बनाकर हुआ फरार

संस्था संचालक ने पुराने भरोसे के चलते बिना किसी शक के अरुण को तुरंत घर जाकर सोना वापस लाने को कहा। लेकिन अरुण दुकान लौटने के बजाय भाग निकला।

  • बहानेबाजी और फोन बंद: भागने के बाद वह काफी देर तक फोन पर ‘अभी आ रहा हूँ’, ‘बस थोड़ी देर में पहुँच रहा हूँ’ कहकर टालमटोल करता रहा और फिर अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया।
  • परिवार ने भी साधी चुप्पी: जब आरोपी लंबे समय तक नहीं लौटा, तो संस्थान के संचालक उसके घर पहुंचे। वहाँ आरोपी के पिता और पत्नी ने भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और सिर्फ इतना कहा कि अरुण कहीं चला गया है।

पुलिस की कार्रवाई: सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी अरुण यादव की तलाश के लिए जाल बिछा दिया है। साथ ही उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि गबन किए गए करोड़ों के सोने को बरामद किया जा सके।

Related Posts

CG NEWS: शराब में पानी मिलाकर बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़; मैकडावल NO. 1 में मिलावट करते 4 कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है।…

1 of 347