कोरबा। कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कुछ नर्सें वेस्टर्न म्यूजिक पर कैटवॉक करतीं, केक काटतीं और जन्मदिन मनाती नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अस्पताल परिसर का है।
वीडियो सामने आने के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जबकि कर्मचारी जश्न मनाने में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं।
मरीजों ने लगाए अव्यवस्था के आरोप
मरीज के परिजन आमिर खान ने बताया कि अस्पताल में पीने के पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। वार्डों में लगे कूलर बंद पड़े हैं और भीषण गर्मी के बीच मरीज उमस से परेशान हैं। इसके अलावा अस्पताल परिसर में गंदगी, बदबू और अस्वच्छ शौचालयों की समस्या भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं आरोप लगाया जा रहा है कि ओपीडी समय के दौरान ही कर्मचारियों ने केक काटकर वीडियो बनाया।
मंत्री की घोषणा और जमीनी हकीकत में अंतर
करीब पांच महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल को वातानुकूलित सुविधा देने की घोषणा की थी, लेकिन वर्तमान स्थिति में कूलर तक ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
डॉक्टरों की उपस्थिति पर भी सवाल
स्थानीय लोगों ने अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कई बार मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कुछ डॉक्टरों पर निजी क्लीनिक को प्राथमिकता देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
कटघोरा में 100 बिस्तर वाले अस्पताल की घोषणा के बाद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन वर्तमान व्यवस्थाओं को देखकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि जब 30 बिस्तर वाले अस्पताल की व्यवस्था ही ठीक नहीं है, तो बड़े अस्पताल का संचालन कैसे होगा।
जांच के आदेश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो अस्पताल परिसर का ही है या किसी अन्य स्थान का। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।










