धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के करेली बड़ी क्षेत्र में पैकेज्ड पेय पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। एक 2 वर्षीय बच्ची की तबीयत उस समय बिगड़ गई, जब उसने 10 रुपये का फ्रूटी पाउच पी लिया। घटना के बाद परिजनों ने पाउच की जांच की तो उसके अंदर करीब 3 इंच लंबा संदिग्ध अवशेष दिखाई दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने स्थानीय दुकान से 100 एमएल का फ्रूटी पाउच खरीदा था। बच्ची द्वारा पेय पदार्थ पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद जब परिजनों ने पाउच को ध्यान से देखा तो उसमें एक अजीब तरह का अवशेष नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अवशेष को जांच के लिए भेजा गया।
प्राथमिक जांच में पाउच के अंदर छिपकली की चमड़ी होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि अवशेष निर्माण प्रक्रिया के दौरान उत्पाद में पहुंचा या फिर वितरण और भंडारण के किसी चरण में लापरवाही हुई।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। इधर, परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










