Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सूरजपुर में मजबूरी की तस्वीर: कंधे पर बच्चों को बैठाकर उफनता नाला पार करा रहा किसान, विकास के दावों पर उठे सवाल

सूरजपुर। बारिश के मौसम में जहां नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड से सामने आई एक तस्वीर ने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम पंचायत कारीमाटी के परसिया (पड़ोपारा) में पंचायत भवन के पास स्थित मरघेतिया नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को हर साल बरसात में परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश के दौरान नाला उफान पर आ जाता है, जिससे स्कूली बच्चों का रास्ता बंद हो जाता है और उनकी पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।

ऐसे हालात में गांव के एक किसान ने मानवता की मिसाल पेश की है। किसान अपनी जान जोखिम में डालकर मासूम बच्चों को कंधे पर बैठाकर उफनते नाले को पार कराता है, ताकि बच्चे समय पर स्कूल पहुंच सकें।

ग्रामीणों का कहना है कि मरघेतिया नाले पर पुलिया निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण हर साल बारिश में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों प्रभावित होती हैं।

बच्चों को कंधे पर बैठाकर नाला पार कराते किसान की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही मरघेतिया नाले पर पुलिया निर्माण की दिशा में कदम उठाएगा, ताकि बच्चों को हर बरसात में जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।

Related Posts

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास: विधानसभा से पास हुआ विधेयक; 15 लाख MSMEs को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ उद्योग और निवेश के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करने की दिशा…

1 of 432