नई दिल्ली। देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने की बात सामने आई है।
जांच में तय मानकों पर खरा नहीं उतरा पानी
FSSAI के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक रेगुलेटरी सैंपल लिया गया था। यह सैंपल निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी में जांच के लिए भेजा गया। यहां भी जांच के दौरान सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए। इसके आधार पर सैंपल को दोबारा असुरक्षित करार दिया गया। लैब रिपोर्ट के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी।
मिनरल वाटर नहीं, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर पर हुई कार्रवाई
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल को लेकर की गई है, न कि मिनरल वाटर को लेकर। प्राधिकरण के अनुसार, कंपनी के अलग-अलग वॉटर प्रोडक्ट हैं और जांच के लिए लिया गया सैंपल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का था।
बिसलेरी ने दी सफाई, बताया 14 महीने पुराना मामला
FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी के मुताबिक, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा प्लांट के एक बैच से संबंधित है।
कंपनी ने बताया कि शुरुआती जांच में छह में से पांच सैंपल सही पाए गए थे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से थोड़ी अधिक थी। रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि रिपोर्ट में PAHs का उल्लेख किया गया।
बिसलेरी का कहना है कि उसने फरवरी 2026 में स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट FSSAI को सौंप दी थी। इसके बाद कोई नया नोटिस नहीं मिलने के कारण कंपनी इस मामले को बंद मान रही थी। कंपनी ने यह भी कहा कि पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है तथा वह नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।
अन्य कंपनियों पर भी FSSAI का शिकंजा
FSSAI ने बिसलेरी के अलावा कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं।
वहीं, नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
आशा कन्फेक्शनरी को बाजार से उत्पाद वापस लेने का आदेश
FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की है। जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद कंपनी को प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में FSSAI ने खाद्य उद्योग और ई-कॉमर्स कंपनियों पर निगरानी बढ़ाते हुए नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कंपनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।









