बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और हवाला कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित वित्तीय नेटवर्क का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध की जांच के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये की संपत्ति, नकदी, सोने के आभूषण और महंगी घड़ियों से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं। जांच में इस नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
दुबई तक पहुंचा सट्टे और हवाला का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से अर्जित रकम का लेनदेन केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि हवाला के जरिए विदेशों तक भी पैसे पहुंचाए गए। पुलिस को अब तक करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा दुबई में भी संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
सुनील और मनीष रोहरा के घर से नकदी और ज्वेलरी बरामद
एसएसपी रजनेश सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की रकम और हवाला के माध्यम से धन हस्तांतरण से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को सुनील रोहरा और मनीष रोहरा के निवास पर कार्रवाई के दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक संबंधी दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति के कागजात बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
पुलिस अब इन संपत्तियों के वास्तविक स्वामित्व, आय के स्रोत और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
जांच में सुनील, मनीष और आकाश गोगा के नाम आए सामने
पुलिस की जांच में सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और आकाश गोगा के नाम सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, सुनील और मनीष सगे भाई हैं और हंसा विहार में रहते हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों ने अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लॉथ मार्केट में हाल ही में करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदी थी। पुलिस जांच में सट्टे और हवाला कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी परिवार सहित शहर से बाहर हैं। वहीं, पासपोर्ट नहीं होने के कारण उनके माता-पिता शहर में ही मौजूद बताए जा रहे हैं।
लुकआउट सर्कुलर जारी, रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी
विदेशों में संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सुनील रोहरा और मनीष रोहरा के दुबई में भी संपत्ति होने की जानकारी की जांच की जा रही है।
पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। वहीं, आरोपियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
फिलहाल पुलिस का फोकस सट्टे से अर्जित रकम, हवाला के जरिए हुए लेनदेन, देश-विदेश में खरीदी गई संपत्तियों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने पर है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।









