बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हड़ताल कर रहे पटवारियों से काम पर वापस लौटने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों पर बातचीत करने और सकारात्मक विचार करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, इसके लिए पटवारियों को पहले काम पर लौटना होगा।
सरकार बातचीत के लिए तैयार
19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी कर्मचारियों को अपने काम पर लौटकर जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार पटवारियों से बातचीत करने के लिए तैयार है। उनकी जो भी वाजिब मांगें होंगी, उन्हें पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पटवारी भी किसान परिवारों से आते हैं
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि पटवारी भी किसी न किसी किसान परिवार के बेटे और भाई हैं। इसलिए उन्हें किसानों की परेशानियों और उनकी जरूरतों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं कोई परेशानी नहीं है। ऐसे में पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर लौटना चाहिए।
हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी होगा विचार
सीएम साय ने कहा कि पटवारी पहले काम पर लौटें और सरकार के साथ संवाद करें। उनकी मांगों पर निश्चित रूप से सकारात्मक विचार किया जाएगा। इसके साथ ही हड़ताल के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
आंदोलन खत्म होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री के इस बयान को पटवारी आंदोलन के बीच सरकार की ओर से बातचीत का रास्ता खोलने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। सरकार ने एक ओर पटवारियों की जायज मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है, वहीं दूसरी ओर उन्हें हड़ताल समाप्त कर जनता और किसानों के हित में काम पर लौटने की अपील की है।
अब सबकी नजरें पटवारी संगठन के अगले फैसले पर टिकी हैं। देखना होगा कि मुख्यमंत्री की इस अपील के बाद पटवारी संगठन हड़ताल समाप्त कर सरकार से बातचीत के लिए तैयार होता है या नहीं।









