मनेन्द्रगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार सुबह इमली गोलाई के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक में फंसकर करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवतियों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
इलाज कराकर लौट रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, बरबसपुर निवासी भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। मंगलवार सुबह तबीयत खराब होने पर भूमिका, प्रमिला और भवन कुमार उपचार के लिए मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल पहुंचे थे।
इलाज कराने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से नौगई के लिए रवाना हुए। बाइक भवन कुमार पिता नारायण चला रहा था। उसके साथ भूमिका और नौगई निवासी प्रमिला पिता खेलावन सिंह मरकाम भी सवार थीं। इसी दौरान इमली गोलाई के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रक में फंसी बाइक, 200 मीटर तक घिसटती रही
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद मोटरसाइकिल ट्रक में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में भवन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल भूमिका ने अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में दम तोड़ दिया।
तीसरी सवार प्रमिला को गंभीर हालत में मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक थी और अंबिकापुर पहुंचने से पहले ही पटना के पास एंबुलेंस में उसकी मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों की जान चली गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल युवती को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक गुलाब कमरो, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, पार्षद स्वप्निल सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।










