नई दिल्ली। देश को शनिवार 17 जनवरी 2025 को रेलवे की ओर से एक बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। अब तक चल रही वंदे भारत ट्रेनें केवल सिटिंग कोच वाली थीं, जबकि यह पहली स्लीपर वर्जन ट्रेन है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस ट्रेन का शुभारंभ किया और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।
मालदा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को आज कई नई रेल सेवाएं मिली हैं, जिससे यात्रियों को सुविधा होगी और व्यापार-कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से लंबी दूरी की यात्रा अब और ज्यादा आरामदायक हो जाएगी।
बंगाल को मिलीं 4 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर बंगाल को चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की भी सौगात दी। इनमें
- न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोइल
- न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली
- अलीपुरद्वार–एसएमवीटी बेंगलुरु
- अलीपुरद्वार–मुंबई (पनवेल)
अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों से उत्तर बंगाल की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
आत्मनिर्भर बन रही भारतीय रेलवे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय रेलवे आधुनिक होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बन रही है। आज भारत में रेल इंजन, कोच और मेट्रो कोच का निर्माण बड़े पैमाने पर हो रहा है। भारत अब कई देशों को पैसेंजर ट्रेन और मेट्रो कोच का निर्यात भी कर रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार को लाभ मिल रहा है।
2.5 घंटे कम होगा सफर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत से यात्रियों का समय भी बचेगा। हावड़ा–गुवाहाटी रूट पर यात्रा का समय लगभग 2.5 घंटे कम हो जाएगा। फिलहाल इस रूट पर ट्रेन से यात्रा में करीब 18 घंटे का समय लगता है। यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है।
हवाई यात्रा जैसा अनुभव
पूरी तरह वातानुकूलित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को किफायती किराए पर हवाई यात्रा जैसा अनुभव देगी। यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्राओं को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी, साथ ही धार्मिक यात्रा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
वंदे भारत स्लीपर का किराया
अब तक मिली जानकारी के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया इस प्रकार है—
- थर्ड एसी (3AC): ₹2,299
- सेकंड एसी (2AC): ₹2,970
- फर्स्ट एसी (1AC): ₹3,640









