छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले के चिन्नागेलूर इलाके में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड) के जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है, जहां नक्सली कमांडर और DVC सदस्य उधम सिंह के मारे जाने की खबर सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को चिन्नागेलूर क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद DRG के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 राइफल बरामद की गई है, जिससे मारे गए नक्सली की पहचान उधम सिंह के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि उधम सिंह नक्सली संगठन में अहम भूमिका निभाता था और कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है।
फिलहाल पूरे इलाके में सघन सर्चिंग ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की तलाश की जा सके। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।










