बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को एक बड़ी सफलता के तहत कुल 12 नक्सलियों ने हथियारों के साथ सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में 8 महिला और 4 पुरुष नक्सली शामिल हैं। समर्पण के दौरान माओवादियों ने एक AK-47 और दो SLR राइफल के साथ कारतूस भी पुलिस को सौंपे। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में डीवीसीएम-01, बटालियन नंबर 01 के सदस्य, कंपनी नंबर 02 के 02 सदस्य, पीपीसीएम-01, एसीएम-02, पार्टी सदस्य-02 और पीएलजीए सदस्य-04 शामिल हैं।
बताया गया है कि ये सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी सहित कई गंभीर नक्सली घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने सभी नक्सलियों को संविधान की प्रति भेंट कर उन्हें मुख्यधारा में शामिल होने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने कहा कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2024 से अब तक कुल 888 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं, जबकि 1163 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 231 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
आईजी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में और भी माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ेंगे, जिससे बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास को गति मिलेगी।









