बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दुर्ग जिले के समोदा में अफीम की खेती का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बलरामपुर जिले से भी इसी तरह का मामला सामने आया है।
करीब दो एकड़ में अफीम की खेती
मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरी गांव में लगभग दो एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि एक बाहरी व्यक्ति ने लीज पर जमीन लेकर यहां अफीम की खेती शुरू की थी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अवैध खेती को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दुर्ग में पहले ही हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग जिले के समोदा गांव में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया था, जिसने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी थी। इस मामले में मुख्य आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और दो अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। तहसीलदार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।
अफीम की खेती के लगातार सामने आ रहे मामलों ने प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल बलरामपुर में मिले नए मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों की तलाश की जा रही है।










