रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से हिरासत में लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी कौशांबी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से जुड़े मामले में की गई है।
कौशांबी से दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूत्रों के मुताबिक, उक्त पोस्ट को लेकर पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस टीम कौशांबी पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस के हिरासत में विनोद तिवारी
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने विनोद तिवारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।









