बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रतनपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर बाड़ी में जा घुसी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
रतनपुर थाना क्षेत्र के सांधीपारा निवासी रामकिशोर पटेल का बेटा जयवंत पटेल (12) भेड़मुड़ा स्थित स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था।
बुधवार सुबह वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान गांव के पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय कोरबा की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से उतरकर पास की बाड़ी में जा घुसी। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
रतनपुर थाना प्रभारी अंशिका जैन के अनुसार हादसे के बाद बस चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार बस चालक और क्लीनर की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है।










