महासमुंद: जिले के कोमाखान थाना पुलिस ने टेमरी नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी के फैंसी आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस ने कुल 21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही कार सहित कुल 59 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
सघन जांच के दौरान पकड़ा गया वाहन
यह कार्रवाई 17 मार्च 2026 को टेमरी नाका में की गई, जहां पुलिस द्वारा स्थायी और मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड से आ रही एक सफेद मारुति सेलेरियो (CG 04 PY 7882) को रोका गया। वाहन में सवार टिकेश कुमार साहू (38, उरला, रायपुर) और वीरेंद्र प्रधान (50, टिकरापारा, रायपुर) से पूछताछ की गई।
बैगों में छिपाकर लाए जा रहे थे आभूषण
जांच के दौरान कार की बीच सीट पर रखे तीन बैगों में संदिग्ध सामग्री मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बैग में चांदी के फैंसी आभूषण हैं, जिन्हें ओडिशा से रायपुर ले जाया जा रहा था। तलाशी में बैगों से 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक 41 पैकेट चांदी के आभूषण बरामद हुए।
वैध दस्तावेज नहीं होने पर कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन दोनों आरोपियों द्वारा संतोषजनक दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किए गए। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती कार्रवाई की। यह मामला न सिर्फ महासमुंद पुलिस की सतर्कता को दिखाता है, बल्कि चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं की तस्करी पर भी कड़ी कार्रवाई का संदेश देता है।









