बालोद: गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित ट्रक ने घर के बाहर खाट पर सो रहे ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल पन्नालाल बंजारे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसा नींद में हुआ
ग्राम बोहारडीह निवासी पन्नालाल बंजारे रात करीब 1 बजे अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनके ऊपर चढ़ गया। ट्रक की गति इतनी तेज थी कि खाट सहित पन्नालाल ट्रक की चपेट में आ गए और घर के बाहर लगा टीन शेड भी पूरी तरह टूट गया। ट्रक आगे जाकर एक गड्ढे में फंस गया।
ग्रामीणों ने किया ड्राइवर का घेराबंदी कर गिरफ्तारी
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सरपंच राजेंद्र साहू और ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया और तुरंत गुरूर पुलिस को सूचना दी। सरपंच ने बताया कि ट्रक ने बुजुर्ग को रौंदते हुए टीन शेड और बिजली का पोल भी तोड़ दिया। ड्राइवर ने नींद की झपकी आने का हवाला दिया और बताया कि इसी कारण वाहन पर नियंत्रण खो गया।
पुलिस की कार्रवाई
गुरूर थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









