Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

चमोली सुरंग हादसे में कोंडागांव के 4 श्रमिकों की मौत, CM साय ने 5-5 लाख की सहायता का किया ऐलान

रायपुर। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की घटना ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के चार परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है। हादसे में कोंडागांव के चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतक श्रमिकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता

सीएम साय ने हादसे में जान गंवाने वाले चारों श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, हादसे में घायल हुए दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

हादसे में कोंडागांव जिले के धनसुली गांव के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मौत हुई है। वहीं जिले के दो अन्य श्रमिक घायल बताए गए हैं।

चारों मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ चार श्रमिकों की मौत की खबर से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।

परिवारों के साथ खड़ी है सरकार: CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार उनकी मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायल श्रमिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

चमोली की इस घटना ने छत्तीसगढ़ के उन परिवारों को गहरा सदमा दिया है, जिनके सदस्य रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्य में काम कर रहे थे। अब राज्य सरकार की आर्थिक सहायता से प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Posts

दिल दहला देने वाली वारदात: मायके जाने की जिद पर देवर ने उठाया खौफनाक कदम, अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा

जगदलपुर (बस्तर): छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर से एक सनसनीखेज और झकझोर देने…

1 of 457