जांजगीर: जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने चोरी की नीयत से बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी थी।
चोरी के इरादे से घुसे, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात चोरी करने के इरादे से बुजुर्ग दंपति के घर में घुसे थे। इसी दौरान दंपति के जाग जाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
मुखौटा और पैरों के निशान बने सुराग
मामले की जांच में एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद ली गई। घटनास्थल से मिले होली का मुखौटा और खून से सने नंगे पैर के निशान पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
गांव के ही चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ग्राम खपरी के ही गजेन्द्र पाल, सुरेन्द्र यादव, श्यामरतन दिनकर और विजेन्द्र पाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, चोरी किया गया सोने का हार और चांदी की पायल बरामद की गई है।
कोर्ट में पेश, भेजे गए जेल
आरोपियों से पूछताछ के बाद मेमोरेंडम कथन लिया गया और उनकी निशानदेही पर सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।










