बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे पर दर्री पारा के पास आज सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बिहार से रायपुर जा रही रॉयल बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए।
घायलों में से 11 यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
रतनपुर थाना प्रभारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और कम दृश्यता बताया जा रहा है।








