Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

एकतरफा प्यार में रायपुर से पहुंचे सिरफिरे आशिक ने फार्मेसी छात्रा को उतारा मौत के घाट, चाकू से किए 10 वार, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई (वैशाली नगर थाना क्षेत्र) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रामनगर इलाके में एक पीजी (पेइंग गेस्ट) में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही 19 साल की छात्रा खुशी साहू की एकतरफा प्यार में पागल युवक ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले छात्रा का गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 10 वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और शनिवार को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया।

एक महीने से कर रहा था परेशान, नंबर ब्लॉक करने पर भड़का आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका खुशी साहू मूल रूप से बेमेतरा की रहने वाली थी और भिलाई में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ एक कैफे में पार्ट-टाइम जॉब भी करती थी। बलौदाबाजार का रहने वाला आरोपी पिंटू साहू (24 वर्ष, बेरोजगार) पिछले एक महीने से अलग-अलग नंबरों से कॉल कर खुशी को परेशान कर रहा था। तंग आकर खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।

शुक्रवार (10 जुलाई) की सुबह भी पिंटू ने खुशी को फोन किया, लेकिन नंबर ब्लॉक होने के कारण बात नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपी ने खुशी की सहेली को फोन किया, जिसने बताया कि खुशी के पास फोन नहीं है। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी रायपुर से बाइक पर सवार होकर सीधे भिलाई के रामनगर स्थित खुशी के कमरे पर धमक गया।

सहेली के नहाने जाते ही कमरे में घुसकर किया जानलेवा हमला

वारदात के वक्त खुशी कमरे में अकेली थी और उसकी सहेली बाथरूम में नहाने गई थी। कमरे में दाखिल होते ही आरोपी पिंटू ने खुशी से विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पहले खुशी का गला दबा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद उसने अपने पास रखे चाकू से खुशी की पीठ, हाथ और पेट पर ताबड़तोड़ 10 वार किए। अत्यधिक खून बहने के कारण खुशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के दौरान आरोपी पिंटू के हाथ में भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह मौके से फरार होकर रायपुर भाग गया।

सहेली ने बाहर आकर देखा तो कमरे में फैला था खून

खुशी की सहेली जब बाथरूम से बाहर आई, तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। उसने तुरंत मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुशी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाई और कैफे संचालक को भी दे चुका था धमकी

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि खुशी ने करीब एक हफ्ते पहले अपने भाई को पिंटू की हरकतों के बारे में बताया था। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई को भी फोन पर धमकी दी थी। इतना ही नहीं, आरोपी पिंटू ने उस कैफे संचालक को भी धमकाया था जहां खुशी काम करती थी, क्योंकि वह चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़कर उससे शादी कर ले। मृतका के भाई ने गुरुवार (9 जुलाई) को ही उसे भिलाई छोड़ा था और अगले ही दिन यह दुखद हादसा हो गया।

ऑनलाइन मंगाया था चाकू, पुलिस केस दर्ज कर पूछताछ में जुटी

वैशाली नगर पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी और इसके लिए उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से चाकू मंगवाया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी को रायपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस शनिवार को आरोपी को रामनगर स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट कराया गया। पुलिस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे मामले का आधिकारिक तौर पर खुलासा करेगी।

Related Posts

रायगढ़ में हाथी का आतंक: मासूम बच्चे को बचाते हुए माँ ने गंवाई जान, घायल मां के पास रोता मिला मासूम,

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में मानव-हाथी द्वंद्व थमने का नाम नहीं ले…

1 of 417