पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित एक रेलवे निर्माण ठेकेदार के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह गोदाम पेंड्रारोड–गेवरा रोड रेल लाइन प्रोजेक्ट के अंतर्गत ओवरब्रिज के बगल में स्थित था। गोदाम में ठेकेदार ने निर्माण कार्य से जुड़ी बड़ी मात्रा में सामग्री रखी थी। आग लगने से लाखों रुपये मूल्य के रेलवे रबर पैड्स और अन्य निर्माण सामग्री जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। प्रशासन ने तुरंत दमकल की टीम मौके पर बुला कर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू कर दी। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित ठेकेदार को सूचित किया गया है और उन्हें मौके पर बुलाया गया। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया है, ताकि कोई अन्य हानि न हो।










