जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र स्थित राजू इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान में भीषण आग लगने से एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर अचानक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही दुकान में काम कर रहे कर्मचारी और दुकान मालिक बाहर निकल आए, लेकिन इसी दौरान राजकुमार नामक युवक दुकान के अंदर ही फंस गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और राजकुमार बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य कर्मचारी भी झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा टीवी, फ्रिज, कूलर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दुकानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।










