रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लापरवाही और तेज रफ्तार की कीमत एक 14 वर्षीय मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में उसकी 8 साल की बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाभांडी निवासी 14 वर्षीय अंश और उसकी छोटी बहन नविशा सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक सरकारी वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नविशा गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद सरकारी वाहन का चालक गाड़ी को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









