गरियाबंद। जिला मुख्यालय में बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गरियाबंद नगर पालिका के इंजीनियर संजय मोटवानी को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इंजीनियर मोटवानी ने एक ठेकेदार से बिल पास करने के एवज में 1 लाख रुपये की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में पदस्थ इंजीनियर संजय मोटवानी ने ठेकेदार अजय गायकवाड़ से बिल बनाने के नाम पर भारी रकम की मांग की थी। ठेकेदार ने रिश्वत न देकर इस पूरे मामले की शिकायत ACB में कर दी।
पर्याप्त साक्ष्य के साथ शिकायत मिलने के बाद आज एसीबी की टीम गरियाबंद पहुंची। बताया जा रहा है कि तय एक लाख रूपये में से ठेकेदार अजय ने इंजीनियर को 30 हजार रूपये एडवांस देने की बात पर तैयार कर लिया था।
इंजीनियर संजय मोटवानी ने ठेकेदार को पैसे लेकर साईं गार्डन के पास बुलाया था। जहां वह अपने कार की डिक्की में रिश्वत के पैसे रख रहा था। तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ACB की इस कार्रवाई के बाद जहां नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं एसीबी की टीम ने इस कार्रवाई के बाद रिश्वतखोर इंजीनियर को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।










