छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। इसी अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने संजय नगर इलाके से एक बांग्लादेशी युवक को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है, जिससे पुलिस अब गहन पूछताछ कर रही है।
संजय नगर इलाके से दबोचा गया आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गोपनीय इनपुट मिला था कि कुछ समय पहले पुलिस की रडार से बच निकला संदिग्ध युवक संजय नगर क्षेत्र में दोबारा सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और शेख रेहान को धर दबोचा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इतने लंबे समय से रायपुर में किस आड़ में रह रहा था।
पिछली बार पुलिस को देकर चकमा हुआ था फरार
खास बात यह है कि पिछले दिनों जब पुलिस ने राजधानी में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया था, तब शेख रेहान पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से भाग निकला था। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और हिरासत में ले लिया।
दस्तावेजों और नेटवर्क की हो रही जांच
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार शेख रेहान से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह खंगाल रही है कि उसने भारत में प्रवेश कैसे किया, उसके पास कौन-कौन से फर्जी या असली दस्तावेज हैं, और वह राजधानी में किन-किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस का मानना है कि इस पूछताछ के बाद रायपुर में अवैध रूप से रह रहे अन्य संदिग्धों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।










