Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

भिलाई में भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला, महंगाई से लेकर नीट तक उठाए सवाल

भिलाई। Bhupesh Baghel शुक्रवार को भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री Narendra Modi और भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री का विदेश दौरा सामान्य बात है, लेकिन देश की जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि उन यात्राओं से भारत को क्या लाभ मिला। उन्होंने हालिया इजरायल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा के अगले ही दिन इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया। बघेल ने कहा कि पहले भारत की विदेश नीति संतुलित मानी जाती थी, लेकिन अब पुराने मित्र देशों से दूरी बनाई जा रही है। रूस के साथ संबंधों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।

महंगाई और पेट्रोल-डीजल संकट पर बोलते हुए बघेल ने कहा कि कई पेट्रोल पंपों में लंबी कतारें लगी हुई हैं और कई जगह ईंधन की कमी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। डीएपी और यूरिया की बढ़ती कीमतों से किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार “सुशासन तिहार” मना रही है, वहीं दूसरी ओर जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने ट्रेनें रद्द होने और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।

Rahul Gandhi को लेकर बघेल ने कहा कि उन्हें दुनिया के कई देशों में भाषण देने के लिए आमंत्रित किया जाता है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी को ऐसे निमंत्रण नहीं मिलते।

नीट परीक्षा में गड़बड़ी के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में है और नीट घोटाले से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के बजाय उन्हें पदोन्नति दी जा रही है।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए बघेल ने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब बिक्री, अफीम की खेती और धान घोटाले जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

Related Posts

1 of 327