Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- ASI के बेटे पर चढ़ाई बोलेरो, पीछा करने वाले युवक का अपहरण कर अधमरा किया, लूट और फायरिंग का आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां यातायात थाने में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के बेटे पर अज्ञात बोलेरो चालक ने गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद जब दोस्तों ने पीछा किया, तो आरोपियों ने एक युवक का अपहरण कर उसे बेरहमी से पीटा और अधमरा कर दिया। पीड़ित युवक ने आरोपियों पर फायरिंग करने और सोने की चेन, अंगूठी समेत एक लाख रुपये नकद लूटने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइड देने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र का निवासी चंद्रमणी रात्रे उर्फ दादू शनिवार देर रात लगभग 1:28 बजे अपने तीन दोस्तों (शुभम सिंह बघेल, साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर) के साथ मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास रोड पर अपनी काले रंग की कार में मौजूद था। वे आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी वहां एक सफेद रंग की बोलेरो आकर रुकी। सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद बोलेरो सवार युवकों ने अपनी गाड़ी ठीक उनकी कार के सामने अड़ा दी।

गाड़ी हटाने और साइड देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बोलेरो सवार बदमाशों ने चंद्रमणी रात्रे के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचलने की कोशिश करते हुए मौके से तेजी से भाग निकले।

जान बचाकर भागा एक दोस्त, दूसरे को किया अगवा

इस जानलेवा हमले के बाद मौके पर मौजूद साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर ने हिम्मत दिखाई और अपनी बाइक से बोलेरो का पीछा करना शुरू किया। आरोपी भागते हुए बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बल्गी तक जा पहुंचे। वहां उनके कुछ अन्य साथी पहले से ही एक अन्य कार (CG 12 BG 8076) में सवार होकर खड़े थे।

सड़क पर आरोपियों की घेराबंदी देखकर साहिल निर्मलकर तो किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला, लेकिन बदमाशों ने अरविंद राठौर को जबरन अपनी कार में खींच लिया। आरोपी अरविंद को अगवा कर सुनसान जगह ले गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

फायरिंग और लूटपाट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

पिटाई के बाद घायल युवक ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने डराने के लिए फायरिंग भी की और उसके पास मौजूद एक लाख रुपये नगद, सोने की चैन और अंगूठी लूट ली। घटनाक्रम शनिवार-रविवार की मध्य रात लगभग 1 से 3 बजे के बीच का बताया जा रहा है। घटना के तरीके को देखकर आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी खास नीयत से ही वहां पहुंचे थे।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस बुधवारी बाईपास मार्ग और बल्गी क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों और उनकी गाड़ियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Posts

जंगल में मिट्टी के अंदर दफन मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज…

CG NEWS: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से की माता-पिता की हत्या, शवों को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले…

1 of 455