Trendingदेशबड़ी खबर

बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, पटना AIIMS रेफर

बिहार में हत्या, लूट, रंगदारी और जानलेवा हमलों की वारदातों के बीच अब मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार को भी अपराधियों ने निशाना बनाया है. गोपालगंज जिले में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

घटना गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया. हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.

शरीर पर गंभीर चोटें
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया. पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.

‘किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा’
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है. आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से हत्या, गोलीबारी और जानलेवा हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं. अब एक प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता के परिवार पर हमला होने से लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर हुए हमले की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में भी चिंता का माहौल है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं, घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी का पटना AIIMS में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

Related Posts

जंगल में मिट्टी के अंदर दफन मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज…

CG NEWS: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से की माता-पिता की हत्या, शवों को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले…

1 of 449