Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

कवर्धा के मुख्य बाजार में तीन मंजिला कपड़ा दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दुकान संचालक, पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी तीन मंजिला दुकान जलकर खाक हो चुकी थी। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित व्यापारी नदीम अंसारी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ समय बाद उन्हें लोगों का फोन आया कि उनकी दुकान से आग की लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शटर खोलते ही पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में दिखाई दिया और आग तेजी से फैल रही थी।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।

Related Posts

1 of 387