जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका है। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रकरण मानते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां गहन जांच में जुटी हुई हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23) पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
किरायेदार सत्यापन के दौरान हुआ खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि मिनीमाता चौक स्थित मकान में अन्य राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सत्यापन के दौरान सेवक सिंह के जवाब संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जांच के लिए अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब समेत कई विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया है।
मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य
पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों से बातचीत के संकेत मिले हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण जानकारियों के आदान-प्रदान से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल
जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पूरे नेटवर्क और विदेशी संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने के लिए विभिन्न एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं।
हथियार पहुंचाने की आशंका
जांच के दौरान यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई थी। हथियार मिलने के बाद उसे विशेष लक्ष्यों पर हमला करने या टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल किया जा सकता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।










