Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: केले के नीचे छिपाकर ले जा रहे 4.56 करोड़ का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

बसना: बसना क्षेत्र में ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 9 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख रुपये बताई जा रही है।

नाकेबंदी में बड़ी सफलता

यह कार्रवाई बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर सघन नाकेबंदी के दौरान की गई। संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका और तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

केले के नीचे छिपा रखा था गांजा

तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ट्रक में ऊपर केले की खेप रखी गई थी, जबकि उसके नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि पहली नजर में शक न हो।

फर्जी नंबर प्लेट से चल रहा था खेल

जांच में यह भी सामने आया कि ट्रक में फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे रास्ते में बदला जाता था। इससे साफ है कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में जमशेदपुर निवासी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच से और खुलासे होने की संभावना है।

इन धाराओं में केस दर्ज

आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(2), 338 और 340 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Posts

1 of 281