Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में डबल सड़क हादसा: अंबिकापुर में 6 घायल, बालोद में पिकअप पलटने से 1 की मौत, 17 घायल

अंबिकापुर/बालोद: अंबिकापुर और बालोद में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे पर कार-ट्रक भिड़ंत में 6 लोग घायल हुए, वहीं बालोद में पिकअप पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।


NH-43 पर भीषण टक्कर, 6 घायल

सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 पर रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलसिला स्थित कलकत्ता ढाबा के पास तेज रफ्तार इनोवा और क्रेटा कार ओवरटेक के दौरान ट्रक से जा भिड़ीं।

बताया जा रहा है कि इनोवा में 2 और क्रेटा में 5 लोग सवार थे। हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


बालोद में पिकअप पलटी, 1 की मौत, 17 घायल

वहीं बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर चौथिया कार्यक्रम में जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सुरेश यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भानपुरी निवासी टीकाराम यादव के परिवार के सदस्य शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।


तेज रफ्तार और लापरवाही के आरोप

घायलों के मुताबिक चालक उमाशंकर निर्मलकर तेज गति से वाहन चला रहा था। यात्रियों द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की बात कहने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की। हादसे के बाद कई लोग वाहन से उछलकर झाड़ियों में जा गिरे।


बच्चों की जान बची, कई गंभीर

वाहन में 5 से 10 साल के करीब 10 बच्चे भी सवार थे, जो बीच में बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए। हालांकि कई अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।


जांच जारी, चालक पर कार्रवाई संभव

प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। वहीं अनुभव की कमी भी हादसे का एक कारण मानी जा रही है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इन दोनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

1 of 281