दुर्ग। स्टील सिटी दुर्ग-भिलाई के बोरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक बेटे ने ही पारिवारिक विवाद के चलते अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी बेटे ने खुद थाने जाकर पुलिस को पिता की मौत की सूचना दी और गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पुलिस के सामने कलयुगी बेटे का सारा राज फाश हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के नवागांव के रहने वाले नीलकमल साहू ने बोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू का शव घर पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम (PM) के लिए भिजवाया।
शुरुआत में मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी। डॉक्टरों ने खुलासा किया कि मृतक कुलेश्वर साहू के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई थी और इसी वजह से उनकी मौत हुई। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने परिजनों से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी।
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने शिकायतकर्ता बेटे नीलकमल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका। आरोपी बेटे ने कबूल किया कि घटना के दिन उसका पिता के साथ किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था।
बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर नीलकमल ने अपने पिता कुलेश्वर साहू के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
“पीएम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। संदेह के आधार पर जब मृतक के बेटे नीलकमल से पूछताछ की गई, तो उसने पारिवारिक विवाद के चलते पिता पर हमला करना स्वीकार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है।” — मणिशंकर चंद्रा, एएसपी (दुर्ग ग्रामीण)
पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।








