रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 के लिखित परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण सूचना है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक किया जाएगा।
दो पालियों में होगी परीक्षा
मुख्य परीक्षा चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।
विषयवार परीक्षा कार्यक्रम
आयोग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार 6 जून को प्रथम पाली में भाषा तथा द्वितीय पाली में निबंध विषय की परीक्षा होगी। 7 जून को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2, जबकि 8 जून को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 9 जून को केवल प्रथम पाली में सामान्य अध्ययन-5 का प्रश्नपत्र होगा।
पांच संभागीय मुख्यालयों में बनाए गए केंद्र
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग ने प्रदेश के पांच प्रमुख संभागीय मुख्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है। मुख्य परीक्षा सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) और रायपुर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
एडमिट कार्ड पहले ही जारी
आयोग ने बताया कि मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग की महत्वपूर्ण सलाह
CGPSC ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक के माध्यम से अलग से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। इसके अलावा एडमिट कार्ड जारी होने संबंधी कोई व्यक्तिगत सूचना या एसएमएस भी नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें अंकित निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है और अब उनकी नजरें परीक्षा के सफल आयोजन पर टिकी हैं।










