छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुए बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के नवापारा गांव का बताया जा रहा है, जहां कुछ युवकों ने दूल्हे की गाड़ी को रोककर बंदूक जैसी वस्तु से धमकाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब एक महीने पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो हाल ही में सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक दूल्हे की गाड़ी को घेरते हुए नजर आ रहे हैं और उनमें से एक युवक बंदूक जैसी वस्तु दिखाकर धमकाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शादी में मौजूद लोग घबरा गए।
मामले पर पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक असली नहीं, बल्कि नकली है। प्रारंभिक जांच में यह हरकत शरारत या दिखावे के रूप में सामने आई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इसके बावजूद स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि भले ही हथियार नकली हो, लेकिन इस तरह किसी को सार्वजनिक रूप से धमकाना गंभीर अपराध है और खासकर शादी जैसे समारोह में ऐसी हरकत से लोगों में डर का माहौल बनता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।









