Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सक्ती वेदांता प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट: अब तक10 मजदूरों की मौत, कई की हालत गंभीर

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट में बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने प्रारंभिक तौर पर 4 मजदूरों की मौत की पुष्टि की थी। वहीं रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती 18 घायलों में से 6 और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी 12 घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिनमें कई मजदूर 80% तक झुलस गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर का ट्यूब फट गया और जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना भयानक था कि करीब 30 से 40 मजदूर इसकी चपेट में आकर झुलस गए।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल और खरसिया के पद्मावती अस्पताल शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और एडिशनल एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। इधर, प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया है। वे घायलों से मिलने की अनुमति और उचित जानकारी की मांग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।

Related Posts

1 of 273