बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिल्हा पुलिस ने सरपंच पति सहित तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ बनाने का झांसा देकर ठगी की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी ढोंगी तांत्रिक अभी फरार है।
रुपये दोगुने करने का लालच देकर रची साजिश
बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान के अनुसार, कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत चरचा क्षेत्र के शरडी पांडुपारा निवासी शिवकुमार चेरवा (52 वर्ष) ने इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसका परिचित राजीव उसे रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये लेकर बिलासपुर बुलाया था।
सरपंच के घर में रचा गया ठगी का नाटक
31 दिसंबर को पीड़ित अपने साथियों के साथ बिल्हा चौक पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात बिमला गोंड, बृहस्पति बाई, ब्रिज बाई, विजय राज और एक कथित ‘गुरुजी’ से कराई गई। ढोंगी तांत्रिक ने दावा किया कि वह ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ में बदल सकता है। इसके बाद गिरोह पीड़ित को ग्राम संबलपुरी स्थित सरपंच के घर ले गया, जहां सरपंच पति रिखिराम नवरंग पहले से मौजूद था।
गिरोह के सदस्य पीड़ित को कार में बैठाकर बाहर छोड़ गए और स्वयं पूजा-पाठ के बहाने छत पर चले गए। रात करीब 10 बजे पीड़ित को बताया गया कि तांत्रिक थाली में रुपये रखकर मंत्रोच्चार कर रहा है। कुछ देर बाद जब पीड़ित छत पर पहुंचा, तो वहां रखे रुपये गायब थे।
श्मशान घाट के बहाने तांत्रिक फरार
रुपयों के बारे में पूछने पर ढोंगी तांत्रिक ने पीड़ित को गुमराह करते हुए कहा कि रुपये श्मशान घाट में प्रकट होंगे। वह सरपंच पति रिखिराम और एक अन्य साथी विपिन को लेकर श्मशान गया, लेकिन वहां से उन्हें वापस भेजकर खुद मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य भी भागने लगे, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपंच पति रिखिराम नवरंग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीमें फरार ढोंगी तांत्रिक की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अंधविश्वास और रुपये दोगुने करने जैसे झांसे में न आएं।
गिरफ्तार आरोपी
- रिखीराम नवरंग, निवासी संबलपुरी, थाना बिल्हा
- विजय राज, निवासी तिवरता, जिला कोरबा
- बृजबाई गोंड, निवासी माचाडोली बांगो, जिला कोरबा
- विमला बाई, निवासी बिंझरा, जिला कोरबा
- बृहस्पति बाई गोंड, निवासी जुराली नगोई, जिला कोरबा










