छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश विहार स्थित एक मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी के आयोजन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मंदिर परिसर के अंदर नॉनवेज भोजन परोसा जा रहा था, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार ईसाई समुदाय के कुछ लोगों द्वारा मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान भोजन और गिफ्ट की व्यवस्था की गई थी। इसी बीच स्थानीय लोगों को सूचना मिली कि पार्टी में नॉनवेज भोजन परोसा जा रहा है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इसका विरोध शुरू कर दिया।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर नॉनवेज भोजन परोसना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। विरोध के दौरान मंदिर परिसर में जमकर हंगामा हुआ, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










