Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

फेसबुक पर ₹500 में बच्चों की स्कूटी का ऑफर पड़ा भारी, धमतरी में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया

धमतरी। सोशल मीडिया पर सस्ते सामान के विज्ञापन के जरिए ठगी का एक और मामला सामने आया है। धमतरी में एक व्यक्ति को फेसबुक पर ₹500 में बैटरी से चलने वाली बच्चों की स्कूटी खरीदने का ऑफर मिला, लेकिन यह ऑफर ऑनलाइन फ्रॉड का जरिया निकला। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल की हेल्पलाइन 1930 पर की है।

पीड़ित के मुताबिक, फेसबुक पर बैटरी चलित बच्चों की स्कूटी का आकर्षक विज्ञापन दिखा था। विज्ञापन में दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को “Guru Toys, Ludhiana (Punjab)” का प्रतिनिधि बताया। उसने स्कूटी की तस्वीरें भेजते हुए 12 घंटे बैटरी बैकअप, एक साल की वारंटी, ब्लूटूथ, म्यूजिक सिस्टम और रिमोट कंट्रोल जैसी सुविधाओं का दावा किया।

आरोप है कि ठगों ने 10 दिन के विशेष ऑफर का झांसा देते हुए कहा कि ₹500 में एक स्कूटी और दो खरीदने पर एक स्कूटी मुफ्त दी जाएगी। भरोसा दिलाने के लिए पहले ₹250 एडवांस बुकिंग राशि जमा कराई गई और इसकी रसीद भी भेजी गई।

डिलीवरी के नाम पर मांगे और पैसे

पीड़ित ने बताया कि अगले दिन कॉल कर कहा गया कि उसका पार्सल पहुंच चुका है, लेकिन डिलीवरी के लिए GPS एक्टिवेशन के नाम पर ₹1500 और ₹50 अतिरिक्त जमा करने होंगे। इस पर उसे शक हुआ और उसने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया।

जब पीड़ित ने अपनी एडवांस राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद उसने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

साइबर पुलिस ने दी सावधानी बरतने की सलाह

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बेहद कम कीमत वाले ऑफर और अनजान विक्रेताओं से सावधान रहें। किसी भी ऑनलाइन खरीदारी से पहले विक्रेता की विश्वसनीयता जांचें और बिना पुष्टि के एडवांस पेमेंट करने से बचें।

ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Posts

बिलासपुर: बाल अधिकार संरक्षण आयोग और पुलिस की बड़ी सफलता, लापता 12 वर्षीय बच्ची अंतरराष्ट्रीय सीमा से बरामद

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की तत्परता और बिलासपुर पुलिस…

एनएचएआई का बड़ा कदम: ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप से मिलेगा टोल प्लाजा का ‘लोकल पास’, 22 भाषाओं में दर्ज होगी शिकायत

रायपुर: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों के…

1 of 428