रायपुर। राजधानी रायपुर के फाइव स्टार होटल हयात में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने होटल में तीन दिन तक रुककर महंगे भोजन और सुविधाओं का लाभ उठाया और बाद में ऑफिस के काम का बहाना बनाकर होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया।
होटल प्रबंधन के अनुसार आरोपी ने खुद को मेहमान बताकर चेक-इन किया था। तीन दिनों तक उसने होटल में जमकर सुविधाओं का उपयोग किया और पार्टी भी की। इसके बाद उसने “ऑफिस के जरूरी काम” का हवाला देकर लैपटॉप मांगा और उसे लेकर होटल से चला गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। संपर्क करने की कोशिश करने पर उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन के रूप में हुई है। घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पर देश के कई बड़े शहरों—मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद—के फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की ठगी करने के आरोप हैं।
पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद है।









