दुर्ग: पुलिस ने दुर्ग में स्पा सेंटर के आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने दो स्पा सेंटरों – लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून – पर छापेमारी की और तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि इन स्पा सेंटरों में मसाज के नाम पर अवैध देह व्यापार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई की। छापेमारी में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं और दस्तावेजों की जांच के दौरान संचालिका और उनके सहयोगियों पर पर्याप्त सबूत मिले।
पुलिस ने संचालिका अहिल्या सागरवंशी, उनके पति दिग्विजय सागरवंशी और एक अन्य सहयोगी अंकुश ईखार को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोग भी सामने आ सकते हैं।










