Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर में दिनदहाड़े पूर्व जनपद सदस्य के पति की हत्या, शराब दुकान के पास धारदार हथियार से हमला

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द में सोमवार को दिनदहाड़े हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। शराब दुकान के पास बदमाशों ने ऑटो चालक शिवनंदन साहू (56) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवनंदन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद शराब दुकान के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि सरकारी शराब दुकान के कर्मचारियों ने भी शटर गिरा दिया। सूचना मिलने पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे शिवनंदन

एएसपी पंकज पटेल के अनुसार, देवरीखुर्द निवासी शिवनंदन साहू ऑटो चलाते थे। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता हैं।

सोमवार को शिवनंदन अपनी ऑटो लेकर देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों युवक शिवनंदन के साथ ऑटो में बैठ गए और उनके साथ शराब पीने लगे।

कुछ देर बाद अचानक दोनों में से एक युवक ने शिवनंदन के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में शिवनंदन गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

हथियार लहराते हुए फरार हुए आरोपी

हमला करने के बाद दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से शराब दुकान के आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी। पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक शिवनंदन की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

दुकानदारों ने बंद कर दी दुकानें

दिनदहाड़े हत्या की जानकारी फैलते ही देवरीखुर्द में हड़कंप मच गया। शराब दुकान के आसपास मौजूद लोग वहां से हटने लगे। चखना दुकान और सरकारी शराब दुकान के कर्मचारी भी वहां से चले गए। आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

Related Posts

दुर्ग में शराब पार्टी के बाद गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध मौत, थप्पड़ के बाद छत पर मिला बेसुध

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का…

1 of 452