झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC छात्रों का आंदोलन का दायरा बढ़ता जा रहा है. छात्रों के कल सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस एक्शन के विरोध में और छात्रों की मांगों के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज पूरे राज्य में बंद बुलाया है. बंद को देखते हुए रांची की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. ऐहतियान स्कूल तक बंद कर दिए गए हैं.
बीजेपी की प्रदेश इकाई ने आज झारखंड बंद का आह्वान किया है. इसे देखते हुए रांची की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. किसी तरह के असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी की जाएगी. हालांकि बीजेपी ने अपने बंद में आवश्यक सेवाओं को अलग रखा है, यानी आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी.
‘झारखंड बंद’ ऐतिहासिक होगाः प्रतुल शाहदेव
मुख्य विपक्षी पार्टी का कहना है कि वह छात्रों के आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतर रही है और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच समेत छात्रों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी. बंद को लेकर रांची समेत पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. राजधानी में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जबकि कई निजी स्कूलों ने भी आज के बंद को देखते हुए छुट्टी कर दी है.
‘झारखंड बंद’ को लेकर झारखंड बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आज का ‘झारखंड बंद’ ऐतिहासिक होगा. शांतिपूर्वक तरीके से विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर चार-चार बार किए लाठी चार्ज के विरोध में यह झारखंड बंद बुलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग को मानना ही होगा. हेमंत सरकार को सीबीआई की जांच का आदेश देना ही होगा. उन्होंने कहा, “कांवरियों को और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है.”
बंद सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा
इससे पहले बंद का आह्वान करते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कल रांची में पार्टी मुख्यालय में कहा कि यह बंद मंगलवार सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा. उन्होंने कहा, “यह राज्यव्यापी बंद होगा. हालांकि, सभी आवश्यक सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है.”
कल विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच कई बार टकराव की स्थिति बनी. इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि झारखंड विधानसभा के पास सोमवार को हुए टकराव में कई प्रदर्शनकारी और 4 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का सहारा लिया. यह टकराव प्रदर्शनकारियों के झारखंड विधानसभा के पास लगाए गए बैरेकेटिंग तोड़ने के बाद शुरू हुआ.
BJP की छात्रों को गुमराह करने की कोशिशः सोरेन
वहीं बीजेपी के झारखंड बंद का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने बीजेपी नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलनकारी छात्रों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. साथ ही सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए आंदोलनकारियों से बातचीत करने और विश्वास के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील भी की.
दूसरी ओर, कांग्रेस ने छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ बीजेपी के “झारखंड बंद ” को सिर्फ राजनीतिक नौटंकी करार दिया. झारखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के न्याय की लड़ाई को कमजोर नहीं होने देगी. उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के साथ हुई घटना गंभीर है और यदि पुलिस द्वारा अनावश्यक बल प्रयोग किया गया है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी का अचानक बंद का ऐलान छात्रों के दर्द के प्रति संवेदना कम और राजनीतिक अवसरवाद ज्यादा दिखाई देता है. झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन आज मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया.










