महासमुंद। शराब तस्करी के खिलाफ सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली होलोग्राम के जरिए अवैध शराब की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 370 पेटियों में भरी करीब 3,229 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक कंटेनर ट्रक, डस्टर और क्रेटा कार को भी जब्त किया है। मामले में नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुरुग्राम से होती थी नकली होलोग्राम की सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में गुरुग्राम, हरियाणा से नकली होलोग्राम सप्लाई करने वाला धीरज आहूजा भी शामिल है। पुलिस ने उसे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया है। जांच में सामने आया है कि नकली होलोग्राम का इस्तेमाल कर अवैध शराब को वैध शराब के रूप में खपाने की कोशिश की जा रही थी।
होटल-ढाबा संचालकों से भी पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस को स्थानीय स्तर पर अवैध शराब की खपत और सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। इसके बाद कुछ होटल और ढाबा संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई कहां से की जाती थी, इसे किन इलाकों में खपाया जाना था और इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










