खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के दनिया पुल पर शनिवार रात बड़ा हादसा टल गया। रायपुर और भिलाई के पांच दोस्त कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। रात करीब 2:30 बजे उनकी कार पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को तोड़ते हुए बाढ़ के पानी में जा घुसी। तेज बहाव के कारण कार सड़क से बहकर नदी के बीच मझधार में फंस गई।
कार में सवार पांचों लोग किसी तरह पास के पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इसके बाद उन्होंने 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस की चेतावनी को किया नजरअंदाज
पुलिस के अनुसार, बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसपी के निर्देश पर दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया था। रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 को पुल के दूसरे छोर पर मौजूद जवानों ने रोकने और आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी।
हालांकि, चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। कार पुल पर लगाए गए स्टॉपर से टकराई और उफनते पानी में चली गई। तेज बहाव कार को बहाकर नदी के बीच ले गया।
अंधेरे और तेज बहाव के बीच पुलिस ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद कार में सवार पांचों लोग मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
भारी बारिश, अंधेरा और नदी के तेज बहाव के बीच पुलिस टीम ने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान पांचों लोगों ने किसी तरह पास के पेड़ की टहनी पकड़ रखी थी। पुलिस जवानों ने एक-एक कर सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
कान्हा-किसली घूमने निकले थे पांचों दोस्त
पूछताछ में पता चला कि कार सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू (25) चला रहे थे।
रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलेश साहू (25), गुढ़ियारी रायपुर; कुबेर साहू (25), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर; निहाल सक्सेना (21), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर; महक कौर (21), कैंप-02 पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे (20), कैंप-01 रामनगर भिलाई शामिल हैं।
समय पर रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
बचाए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बीच समय पर पहुंची पुलिस टीम ने उनकी जान बचाई। उन्होंने थाना प्रभारी और पुलिस टीम का आभार जताया।
इस साहसिक रेस्क्यू के लिए केसीजी पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले और पूरी पुलिस टीम की सराहना की है। समय रहते किए गए रेस्क्यू के चलते बाढ़ के तेज बहाव में फंसे पांचों लोगों की जान बच गई।










