बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 20 सितंबर को हुए दर्दनाक ट्रांसफार्मर हादसे में घायल तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा खंडसरा चौकी क्षेत्र के हेमाबंद खार में हुआ था। ट्रांसफार्मर फटने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें उपचार के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के अनुसार हादसे में राधेश्याम चंद्राकर (50), उनके पुत्र छन्नु चंद्राकर (32) और ईश्वर पटेल गंभीर रूप से झुलस गए थे। तीनों का रायपुर में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम
मृतकों में राधेश्याम चंद्राकर और उनके पुत्र छन्नु चंद्राकर के शामिल होने से मोहतरा गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं तीसरे मृतक ईश्वर पटेल के परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।










